सांस्कृतिक विरासत का सम्प्रेषण
सांस्कृतिक विरासत के सम्प्रेषण या प्रसारण की आवश्यकता समय की मांग है और इसके संरक्षण, परिमार्जन और आगामी पीढ़ी को इसका हस्तान्तरण शिक्षा का प्रमुख उद्देश्य भी है। इस दिशा में आगे बढ़ने से पहले यह सांस्कृतिक विरासत को समझना परम आवश्यक है।
सांस्कृतिक विरासत से आशय किसी समुदाय, समाज या राष्ट्र की पिछली पीढ़ियों से प्राप्त ज्ञान, भौतिक कला कृतियों, मूल्यों, परम्पराओं, प्रथाओं को भविष्य की पीढ़ियों हेतु सहेजने से है जो अभी तक अस्तित्व में हैं। साथ ही मानव को प्राकृतिक विरासत भी वरदान स्वरुप प्राप्त हुई है।
सांस्कृतिक विरासत के सम्बन्ध में यूनेस्को (UNESCO) का मानना है –
“सांस्कृतिक विरासत से तात्पर्य भौतिक कलाकृतियों, परम्पराओं, प्रथाओं की उस धरोहर से है जो किसी समुदाय में पीढ़ियों से चली आ रही है। इसमें स्मारक और पलाकृतियों जैसे मूर्त तत्त्व और लोक कथाएं व अनुष्ठान जैसे अमूर्त पहलू शामिल हैं।”
आंग्ल अनुवाद –
“Cultural heritage refers to the legacy of material artefacts, traditions and practices that have been passed down through generations within a community. It includes tangible elements such as monuments and artifacts and intangible aspects such as folk tales and rituals.”
आई सी ओ एम ओ एस (ICOMOS) के अनुसार –
“सांस्कृतिक विरासत किसी समुदाय द्वारा विकसित और पीढ़ी दर पीढ़ी हस्तांतरित की जाने वाली जीवन शैली की अभिव्यक्ति है, जिसमें रीतिरिवाज प्रथाएं स्थान, वस्तुएं, कलात्मक अभिव्यक्तियाँ और मूल्य शामिल हैं।”
आंग्ल अनुवाद
“Cultural heritage is the expression of a way of life developed by a community and passed down from generation to generation, including customs, practices, places, objects, artistic expressions and values.”
उक्त विवेचना के आधार पर कहा जा सकता है कि यह समाज द्वारा विकसित एक महत्त्वपूर्ण तथा ऐतिहासिक प्रक्रिया है जिसके माध्यम से हम अपने पूर्वजों के विचार, जीवन शैली तथा नवाचार को सनक्षित रखते हैं और भविष्य की पीढ़ी को हस्तांतरित करते हैं। यह पुरातन और नवीनतम के बीच एक महत्त्वपूर्ण सेतु है।
सांस्कृतिक विरासत के प्रकार / Types of cultural heritage –
सांस्कृतिक विरासत को मुख्यतः दो और विस्तृत दृष्टिकोण से तीन भागों में विभक्त कर सकते हैं –
[01] – अमूर्त विरासत / Intangible heritage [02] – मूर्त विरासत / Tangible heritage [03] – प्राकृतिक विरासत / Natural heritage[01] – अमूर्त विरासत / Intangible heritage – इसमें गैर भौतिक वस्तुओं अर्थात जिन्हे स्पर्श करना संभव नहीं है लेकिन पीढ़ी दर पीढ़ी जिनका हस्तान्तरण हुआ है और आज भी इनका अस्तित्त्व है, को शामिल किया जाता है जैसे –
i – लोक गीत, संगीत, मौखिक व्यवहार
ii – पारम्परिक ज्ञान, शिल्प कौशल, अनुष्ठान आदि।
iii – साहित्य,बोलियां और भाषाएँ
iv – पर्व,रीति रिवाज,वेश भूषा, जीवन शैली, खानपान आदि।
[02] – मूर्त विरासत / Tangible heritage – इसमें उन भौतिक वस्तुओं को शामिल किया जाता है जिन्हे स्पर्श किया जा सकता है देखा जा सकता है और महसूस भी किया जा सकता है। उदाहरणार्थ –
i – प्राचीन मन्दिर, मस्जिद व अन्य धार्मिक स्थल
ii – ऐतिहासिक इमारतें, किले, महल व विविध स्मारक
iii – हस्त शिल्प, चित्र कला व मूर्तियां
iv – प्राचीनतम ग्रन्थ, पांडुलिपियां, हथियार,सिक्के आदि।
[03] – प्राकृतिक विरासत / Natural heritage –
इसमें सांस्कृतिक रूप से महत्त्वपूर्ण प्राकृतिक स्थलों, मनोरम भू दृश्यों व जैव विविधताओं को शामिल किया जा सकता है। इन्हें समाज ने अपनी परम्पराओं और इतिहास से जोड़कर संरक्षण प्रदान किया है।
सांस्कृतिक विरासत सम्प्रेषण के विविध मुख्य रूप / Various major forms of cultural heritage transmission –
यदि हम वर्तमान समाज का विश्लेषणात्मक अध्ययन करें तो इसके प्रमुख तीन रूप दिखाई पड़ते हैं –
01 – ऊर्ध्वाधर सम्प्रेषण / Vertical Transmission
02 – क्षैतिज सम्प्रेषण / Horizontal Transmission
03 – तिर्यक सम्प्रेषण / Cross Transmission
01 – ऊर्ध्वाधर सम्प्रेषण / Vertical Transmission – यह माता, पिता, अभिभावकों से सीधे उनके पाल्यों में होता है अर्थात परिवार बच्चों के समाजीकरण का प्रमुख प्रारंभिक केंद्र होता है।
02 – क्षैतिज सम्प्रेषण / Horizontal Transmission – यह समकक्ष पीढ़ियों अर्थात एक ही पीढ़ी के लोगों जैसे मित्रों, सहपाठियों और साथ कार्य करने वालों के बीच देखा जाता है।
03 – तिर्यक सम्प्रेषण / Cross Transmission – यह सम्प्रेषण एक नवीनतम आधार प्रदान करता है और अलग अलग पीढ़ियों के मध्य दिखाई पड़ता है जबकि इनमें पारिवारिक जुड़ाव के स्थिति भी नहीं होती। जैसे -सामाजिक नेता,मीडिया।शिक्षक आदि के द्वारा ज्ञान का प्रसार।

