यौवन में खिलता जो तन मन

जिस दम कुम्हलाने लगता है

तन के कस बल ढीले पड़ते

तन, मन अलसाने लगता है।

यह संकेत हैं वृद्ध अवस्था के

बस चौथापन आने लगता है।1।

आँखों से दीखता है कम कम

कुछ तम सा छाने लगता है,

कानों में सरगम ढीले पड़ते

केशक्षय तड़पाने लगता है।  

यह संकेत हैं वृद्ध अवस्था के

बस चौथापन आने लगता है।2।

दाँतों में हो जाती अनबन

जबड़ा हिल जाने लगता है,

दुनियावी रंग फीके पड़ते

बस प्रभु याद आने लगता है। 

यह संकेत हैं वृद्ध अवस्था के

बस चौथापन आने लगता है।3।

सम्बन्ध दीखते कुछ बेदम

तब मन अकुलाने लगता है,

धन बल से ना तेवर मिलते

तन यह बतलाने लगता है।  

यह संकेत हैं वृद्ध अवस्था के

बस चौथापन आने लगता है।4।

जीवन का अनुभव नव रंग बन

तन और मन पर छाने लगता है

दर्द निवारक घर में बढ़ जाते

औषधि क्रम बढ़ने लगता है।    

यह संकेत हैं वृद्ध अवस्था के

बस चौथापन आने लगता है ।5। 

शैशव बचपन कैशौर्य बुढ़ापा

क्रम समझ में आने लगता है,

हम कितने किरदार बदलते

निज तन बतलाने लगता है।      

यह संकेत हैं वृद्ध अवस्था के

बस चौथापन आने लगता है ।6।

Share: